Top Tourist Places in Lakshadweep-लक्षद्वीप की यात्रा - sure success hindi

success comes from knowledge

Breaking

Post Top Ad

Monday 22 November 2021

Top Tourist Places in Lakshadweep-लक्षद्वीप की यात्रा

 Top Tourist Places in Lakshadweep-लक्षद्वीप की यात्रा

लक्षद्वीप में भारत के सबसे खूबसूरत और शांत समुद्रतट होने के कारण यह एक बेहतरीन पर्यटक स्थल है। लक्षद्वीप में 36 छोटे बड़े द्वीप हैं, इसकी राजधानी कवरत्ती है। केरल से 300 से 400 किलोमीटर की दूरी पर अरब सागर में स्थित लक्षद्वीप एक भारतीय द्वीप-समूह है,  यह भारत का सबसे छोटा केंद्र शासित प्रदेश है।


lakshdweep

   लक्षद्वीप के मुख्य द्वीप कवरत्ती, अगत्ती, मिनिकॉय, बंगाराम, कल्पेनी और अमिनी हैं।  अगत्ती में लक्षद्वीप का एकमात्र हवाई अड्डा है और यहां कोच्चि, केरल से सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध है। समूह के सिर्फ दस द्वीपों पर मानव आबादी है। लक्षद्वीप में देशी पयर्टकों को 6 द्वीपों पर जाने की अनुमति है, जबकि विदेशी पयर्टकों को केवल 3 द्वीपों पर जाने की अनुमति है।


   यहां की अधिकांश आबादी मुस्लिमों की है और मुख्य रूप से मलयालम भाषा बोली जाती है जबकि  मिनिकॉय द्वीप पर माही या माह्ल भाषा सबसे अधिक बोली जाती है। लक्षद्वीप में खूबसूरत दृश्य, क्रिस्टल क्लियर पानी से युक्त शांत बीच, नारियल के पेड़ व विभिन्न प्रकार के पौधे और समुद्री जीवन पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। 


  आपने बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को अक्सर सोशल मीडिया के ज़रिए मालदीव में घूमते देखा होगा। वैसे खूबसूरती के हिसाब से मालदीव की तुलना में लक्षद्वीप, किसी मायने में कम नहीं है। परन्तु लक्ज़री सुविधाओं की कमी के चलते इस खूबसूरत द्वीप पर घूमने जाने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। 


   इस धारणा को बदलने के लिए लक्षद्वीप प्रशासन, पर्यटकों को लुभाने के लिए मालदीव के समान सुविधाएँ जुटाने की हर संभव कोशिश में लगा है। लक्षद्वीप में मालदीव की तर्ज पर विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ तीन प्रीमियम वॉटर विला लाने की परियोजना है। यहां सौर ऊर्जा को प्रमुखता देने के साथ ये विला पर्यावरण के अनुकूल और विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त होंगे।


map

  माल्दीव की जगह लक्षद्वीप को चुनना इसलिए भी बेहतर है क्योंकि यहां लोगों की भीड़ नहीं दिखेगी। भारत का यह खूबसूरत द्वीप आपका दिल खुश कर देगा। इस बार अगर आप समुद्रतट पर अपनी छुट्टियाँ मनाने जा रहें हैं तो लक्षद्वीप की यात्रा करने के बारे में विचार कर सकते हैं।  


   यहाँ पर विभिन्न प्रकार के एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स जैसे स्कूबा डाइविंग, कैनोइंग और कयाकिंग आदि की सुविधा उपलब्ध है। लक्षद्वीप में एक खूबसूरत मरीन संग्रहालय भी है। यहाँ पर आपको  समुद्र से संबंधित वस्तुओं से निर्मित कई प्रकार की कलाकृतियाँ देखने को मिलेंगी। यहाँ आप समुद्री मछली और अन्य प्रकार के पानी के जीव जंतुओं के बारे में जान सकते हैं। 


   अगर आप जानना चाहते हैं कि लक्षद्वीप में ऐसे आकर्षक पर्यटक स्थल कौन से हैं, जो उसे इतना ख़ास व अलग बनाते हैं तो यह लेख आपके लिए है। 


लक्षद्वीप के प्रमुख पर्यटक स्थल (Top Tourist Places in Lakshadweep)


1. मिनिकॉय द्वीप (Minicoy Island)


यह लक्षद्वीप का प्रमुख और सबसे बड़ा द्वीप होने के साथ साथ बेहद आकर्षक भी है। यहाँ के सुंदर व मनभावक समुद्रतट में आपको सफ़ेद रेत व आकर्षक चट्टानें देखने को मिलेंगी। आप यहां के समुद्र को घने नारियल के पेड़ो के नीचे बैठकर देखने का आनंद ले सकते है। 


lakshdweep

   यहाँ ठहरने के लिए रिसॉर्टस की सुविधा उपलब्ध है। यहाँ के गाँवों में एक अलग तरह की संस्कृति के दर्शन होते हैं। स्थानीय व्यंजन पसंद करने वालों के लिए यह एक फेवरेट स्पॉट है। इस क्षेत्र के भोजन में केरल की पाककला और खाने का स्वाद आएगा।


    मिनीकॉय द्वीप में स्थित लाइट हाउस को देखने बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इस लाइटहाउस का निर्माण 1885 में किया गया था। पुराना लाइट हाउस होने के चलते यह काफी प्रसिद्ध है, यहां पर  लगभग 300 फीट की ऊंचाई से दूर के प्राकृतिक दृश्य का अवलोकन किया जा सकता है।  


2. अगत्ती द्वीप  (Agatti Island)


लक्षद्वीप का यह एकमात्र द्वीप है, जिसमें एयरपोर्ट की सुविधा है। इसके अलावा यह जगह अपने वाटर स्पोर्ट गतिविधियों के लिए भी प्रसिद्ध है। कई तरह की वनस्पतियों और जीवों से भरे इस स्थान का समुद्र तट बेहद ही खूबसूरत है। 


agatti-airport


   यहां के समुद्र का स्वच्छ पानी और सफ़ेद रेत इसे लक्षद्वीप की आकर्षक जगहों में से एक बनाते हैं। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो यह जगह आपके लिए बेहद शानदार है। आप अपने पार्टनर के साथ यहाँ एक रोमांटिक डेट पर जा सकते हैं।


 3. बांगरम द्वीप ( Bangaram Island)


बांगरम द्वीप के नीले पानी वाले साफ़ समुद्री तट अपनी ख़ूबसूरती और मूंगा चट्टान के लिए जाने  जाते हैं।  यह जगह उन लोगों के लिए बेस्ट है जो वॉटर स्पोर्ट्स के दीवाने हैं। ग्लास बोट की सवारी के अलावा स्कूबा डाइविंग,  कायाकिंग, विंडसर्फिंग जैसे वॉटर स्पोर्ट्स का मज़ा यहां लिया जा सकता है।


bangaram-dweep

  यहां के नीले समुद्र के साफ़ पानी में पर्यटक, मछलियों के साथ तैरना पसंद करते हैं।  इस द्वीप से सूर्योदय और सूर्यास्त का दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर लुभाता है।  मालदीव के समुद्र तटों के फैन भी  इस बीच की खूबसूरती की तारीफ़ किये बिना नहीं रह पाएंगे। 


 4.  कावारत्ती द्वीप  (Kavaratti Island)


कावारत्ती द्वीप, लक्षद्वीप की राजधानी है और यहाँ के महत्त्वपूर्ण आकर्षणों में से एक है। यहाँ आपको सफ़ेद मखमली रेत वाले आकर्षक और शांत समुद्री तट देखने को मिलेंगे। नारियल के पेड़ों से युक्त यहाँ के बीच में आप वाटर स्पोर्ट्स का आनंद उठा सकते हैं। यहाँ के दृश्य व खूबसूरती को देखकर आप मंत्र मुग्ध  हो जायेंगे। कोच्ची से इसकी दूरी लगभग 400 किलोमीटर है।

 

kavaratti-dweep

   यहां पर यॉट क्रूज का आनंद लिया जा सकता हैं। नीला पानी और चारों तरफ सफ़ेद रेत आपकी यात्रा के यादगार पलों में से एक होगा। आपको यहाँ विभिन्न प्रकार की मछली, कछुए और अन्य समुद्री जीव देखने को मिलेंगे। क्रूज की सवारी पर्यटकों को यहां आने के लिए आकर्षित करती है।


लक्षद्वीप आने का सबसे अच्छा समय (Best time to visit Lakshadweep)


लक्षद्वीप का तापमान सुहावना होता है जोकि 27 डिग्री से 32 डिग्री सेंटीग्रेट के बीच रहता है। लक्षद्वीप में सबसे गर्म महीने अप्रैल और मई है। अगर आप लक्षद्वीप घूमने आ रहें हैं तो यहाँ आने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक माना जाता है। 


  मध्य मई से सितम्बर तक यहाँ काफ़ी बारिश होती है, अधिकतर पर्यटक इस समय यहां आना पसंद नहीं करते। मानसून में द्वीपों के बीच बोट की सेवा बाधित हो जाती है। मानसून का असर अगत्ती और बंगरम पर नहीं पड़ता और इन द्वीपों पर कोच्ची से जाया जा सकता है अगत्ती से कवरत्ती व बंगरम तक हेलिकाॅटर चलता है। 


लक्षद्वीप कैसे पहुँचें (How to reach Lakshadweep)


आप लक्षद्वीप जाने के लिए फ्लाइट या समुद्री मार्ग चुन सकतें हैं। अगर आप हवाई मार्ग चुनते हैं तो यहाँ का सबसे नजदीकी हवाई अड्डा अगत्ती है, कोच्ची (Kochi) से यहां के लिए सीधी नियमित विमान सेवा उपलब्ध है। फ्लाइट से डेढ़ घंटे में व शिप से यहां पहुँचने में लगभग 14 से 20 घंटे लग जाते हैं।


also read -


Araky valley Tour-अरकू वैली, विशाखापट्नम की यात्रा 


Bel Patra Health Benefits-बेलपत्र खाने के फायदे 


Goods Transport Business-ट्रांसपोर्ट बिज़नेस कैसे शुरू करें 


cruise

   यहाँ की यात्रा का बजट बनाते समय ध्यान रखें कि  लक्षद्वीप के रिसोर्ट और होटल महंगे हैं, जोकि  कम बजट वालों के लिए भारी पड़ सकता है। ऐसे लोग कोची (Kochi) से लक्षद्वीप की यात्रा के लिए "समुद्रम" पैकेज ले सकते हैं। लगभग 30 हजार प्रति व्यक्ति वाला यह पैकेज लेने पर शिप द्वारा लक्षद्वीप के प्रमुख द्वीपों की विजिट करवाई जाती है साथ ही नाश्ता और खाना इसमें शामिल होता है। दिन में द्वीप के भ्रमण के पश्चात रात में शिप पर रुकना होता है। 4 -5 दिन के इस पैकेज की डिटेल जानकारी समुद्रम की वेबसाइट पर जाकर ले सकते हैं।

 

   लक्षद्वीप की यात्रा के लिए एंट्री परमिट लेना पड़ता है। इसके लिए प्रवेश परमिट फॉर्म पूरी तरह से भरा जाना चाहिए और प्रशासक, लक्षद्वीप कार्यालय, विलिंगटन द्वीप, कोच्चि - 3 को जमा किया जाना चाहिए। लक्षद्वीप में एटीएम बहुत कम हैं और कार्ड पेमेंट की सुविधा भी सीमित है इसलिए अपने साथ पर्याप्त कैश लेकर जाएँ।   


   लक्षद्वीप एक बहुत ही खूबसूरत पर्यटक स्थल है। यहाँ के नीले समुद्र को पेड़ों के झुरमुट के नीचे बैठकर निहारना आपके लिए यादगार पल बन जाएगा। आप अपने परिवार व दोस्तों के साथ लक्षद्वीप जाकर इसकी प्राकृतिक सुंदरता का नज़ारा ले सकते हैं।    

 

  आशा है ये आर्टिकल "Top Tourist Places in Lakshadweep-लक्षद्वीप की यात्रा" आपको पसंद आया होगा, इसे अपने मित्रों को शेयर कर सकते हैं। अपने सवाल एवं सुझाव कमेंट बॉक्स में लिखें। ऐसी ही और भी उपयोगी जानकारी के लिए इस वेबसाइट पर विज़िट करते रहें। 


also read -


Chitrakot Falls, Bastar Chhattisgarh-चित्रकोट तीरथगढ़ जलप्रपात 


Singapore with cruise-सिंगापुर की यात्रा 


Scalping trading-स्केल्पिंग -तुरंत मुनाफा कमाने की विधि 


 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad