12 Tourist Places in Mumbai-मुंबई में घूमने की 12 प्रमुख जगहें - sure success hindi

success comes from knowledge

Breaking

Post Top Ad

Monday 25 October 2021

12 Tourist Places in Mumbai-मुंबई में घूमने की 12 प्रमुख जगहें

12 Tourist Places in Mumbai-मुंबई में घूमने की 12 प्रमुख जगहें 

मुंबई को सपनो की नगरी कहा जाता है, यहां पर हिंदी फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाने के इच्छुक लोग बड़ी संख्या में आते है। भारत के पश्चिमी छोर पर स्थित यह महानगर, फिल्मों के निर्माण के साथ देश की आर्थिक राजधानी और शेयर बाजार का केंद्र भी है। मुंबई शहर में हिंदी फिल्म जगत स्थित होने के कारण इसे बॉलीवुड भी कहा जाता है, पहले इसे बम्बई और बॉम्बे के नाम से जाना जाता था। 


gateway of India


    यह शहर समुद्र से घिरा हुआ है और एक प्रमुख बंदरगाह शहर है जो एक लंबे भूभाग पर फैला हुआ है। एक प्रमुख औद्योगिक शहर होने के कारण व्यापार के दृष्टिकोण से काफी लोग यहां आते हैं, इसके अलावा उच्च कोटि की स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण भी लोग यहां पहुंचते हैं।


   पर्यटन के लिए भी मुंबई का एक विशेष आकर्षण पूरी दुनिया में है। यदि आप मुंबई घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि आपको मुंबई में किन स्थानों की सैर करना चाहिए।


मुंबई के दर्शनीय स्थान (Places to Visit in Mumbai)


1. गेट वे ऑफ़ इंडिया (Gateway of India)


गेट वे ऑफ इंडिया को मुंबई का प्रवेश द्वार कहा जाता है। मुंबई आने वाले पर्यटकों के लिए यह उनकी लोकप्रिय जगहों में से एक है। यहां आकर आप होटल ताज देख सकते हैं और यहीं से आपको एलीफेंटा गुफा देखने के लिए बोट की सुविधा भी मिलेगी। आप चाहें तो फेरी से यहां घूमने का मजा ले सकते हैं। 


taj hotel and gateway of india

  मुंबई के दक्षिण समुद्री तट पर स्थित गेटवे ऑफ़ इंडिया वर्ष 1924 में निर्मित एक ऐतिहासिक स्मारक है। यह जगह दुनिया भर से घूमने आये पर्यटकों से हमेशा भरी रहती है। इस कारण गेटवे ऑफ इंडिया में फोटोग्राफरों और खाद्य विक्रेताओं को अच्छा बिज़नेस मिल जाता है।


gateway-of-india, mumbai


2. एलीफेंटा की गुफाएँ (Elephanta Caves)


एलीफेंटा गुफाएं, मुंबई आने वाले प्रयटकों के लिए एक विशेष आकर्षण है। गेटवे ऑफ़ इंडिया से इन गुफाओं की दूरी लगभग 12 km है। एलीफेंटा गुफाएं अपने ऐतिहासिक महत्व व मूर्ति कला के कारण काफी प्रसिद्ध है। इस कारण इन गुफाओं को 1987 में यूनेस्को द्धारा विश्व धरोहर की लिस्ट में शामिल किया गया था। 60,000 वर्ग फीट के क्षेत्र में फैले इस क्षेत्र में कुल 7 गुफाएँ हैं, ये दो अलग अलग वर्गो में बटी हुई है इसमें 5 गुफाएं हिन्दू धर्म को और 2 गुफाएं बौद्ध धर्म को समर्पित हैं।  


elephanta-caves

    यहां की जो मुख्य गुफा मे 26 स्तंभ हैं, जिसमें भगवान् शिव के कई रूपों में दर्शाया गया हैं। पहाड़ो को काटकर बनाई गई इन गुफाओं में हिन्दू धर्म के अनेक देवी देवताओं की मूर्तियाँ हैं, ये दक्षिण भारतीय मूर्तिकला से प्रेरित हैं। पहले इस स्थान का नाम घारपुरी था, जिसे बाद में यहाँ पर बने पत्थर के हाथी के कारण एलिफेंटा नाम पुर्तगालियों द्वारा दिया गया।


3. मरीन ड्राइव (Marine Drive)


मुंबई की मरीन ड्राइव बहुत ही खास है और एक खूबसूरत जगह है। यहा से समुद्र की तट रेखा किसी रानी के हार की तरह काफी शानदार दिखाई देती है इसलिए इसे क्वींस नेकलेस भी कहा जाता है। रात्रि के समय यहां का दृश्य बेहद आकर्षक होता है। 


marine-drive

   चर्च गेट स्टेशन से कुछ ही दुरी पर स्थित मरीन ड्राइव पर पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में आते हैं और रात के समय यहां काफी भीड़ हो जाती है, जिनमें बड़ी संख्या कपल्स की होती है।


4. एस्सेल वर्ल्ड थीम पार्क ( Essel World )


एस्सेल वर्ल्ड बहुत प्रसिद्ध और बड़ा मनोरंजन थीम पार्क है जो मुंबई के गोराई बीच के समीप स्थित है। अंतरराष्ट्रीय स्तर का एस्सेल मनोरंजन पार्क, देश भर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसे  जी ग्रुप द्वारा 1989 में शुरू किया गया था। बाद में 1999 में इसका विस्तार करते हुए यहां वॉटर किंगडम की शुरुआत की गयी थी।


essel-world

   यहां पर सभी आयु वर्ग के लोगों के लिये राईड्स और अन्य मनोरंजक गतिविधियाँ उपलब्ध हैं। एस्सेल वर्ल्ड में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक पहुंचते हैं, जिसमे बच्चों की बड़ी संख्या होती है। यह स्थान देशी-विदेशी सभी पर्यटकों का भरपूर मनोरंजन करता है।


5. जुहू चौपाटी (Juhu Chawpati)


वैसे तो मुंबई में कई समुद्री किनारे हैं, लेकिन जुहू बीच या जुहू चौपाटी पर प्रयटकों की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है।  जुहू बीच, मुम्बई का प्रमुख पर्यटन स्थल और प्रसिद्ध तट है। यहां पर लोग सागर की लहरों का आनंद लेते हुए अपने खाने-पीने के शौक पूरे करते हुए देखे जा सकते हैं इस कारण यहां मेले जैसा वातावरण होता है। शनिवार और रविवार जैसे छुट्टियों वाले दिन काफी संख्या में स्थानीय लोग भी यहां पहुंचते हैं।


juhu-chawpati

  आप यहां भेलपुरी, पानीपुरी, इडली डोसा, वड़ा पाव और पाव भाजी जैसे मुंबई के पारंपरिक व्यंजन का मजा ले सकते हैं। जुहू बीच, पॉश इलाके के समीप है और बड़ी बिल्डिंगों से घिरा हुआ है।फिल्मी दुनिया से जुडी बहुत सी प्रसिद्द हस्तियों के घर यहां आस पास ही हैं। 


   मुंबई के इस लोकप्रिय समुद्र तट की रेत पर आप सुबह सबेरे फ़िल्मी सितारों को जॉगिंग करते हुए देख सकते हैं। जुहू बीच आकर परिवार के साथ यहां समय बिताना एक शानदार अनुभव होगा


  6. मुंबई के समुद्र तट (Beaches in Mumbai)


लोकप्रिय और लगातार भीड़-भाड़ वाले जुहू बीच के अलावा अरब सागर से घिरा होने के कारण आप मुंबई में विविध प्रकार के समुद्र तटों का आनंद ले सकते है। मुंबई के समुद्र तटों को बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए महत्वपूर्ण स्पॉट  माना जाता है। मुंबई में कई समुद्र तट हैं और इन समुद्र तटों पर समय बिताना एक शानदार अनुभव है। 


    मुंबई के शहरी जीवन को देखने के बाद परिवार के साथ आराम करने, प्रकृति की सुंदरता को निहारने और शांतिपूर्ण वातावरण का अनुभव लेने के लिए मुंबई के बेहतरीन समुद्र तटों की यात्रा करें। इनके आस-पास में कई रेस्तरां, कॉफी हाउस और फ़ूड स्टॉल हैं, जहां आप स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद और स्वाद ले सकते हैं।


mumbai-beach

 

  मुंबई में मार्वे बीच एक सुरम्य समुद्र तट है। वहीं मड आइलैंड शांति की तलाश करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए उपयुक्त हैंगआउट है। मुंबई के सबसे साफ समुद्र तटों में से एक, अक्सा बीच पार्टियों और पिकनिक के आयोजन के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। 


   गोरई बीच का नाम 'गोरई' गांव के नाम पर रखा गया है और यह समुद्र तट यहां मिलने वाले स्थानीय, तटीय व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध है। नवी मुंबई के दक्षिण में स्थित उरण बीच, एक अच्छी तरह से मेन्टेन और शांत विकल्प है जो आश्चर्यजनक रूप से सुंदर दृश्य प्रस्तुत करता है। 

 

7. महालक्ष्मी मंदिर (Mahalaxmi temple)


यह मंदिर मुंबई के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। धन की देवी महालक्ष्मी को समर्पित यह मंदिर, शहर के पश्चिम में भूलाबाई देसाई रोड पर स्थित है।  इससे थोड़ी ही दूरी पर हाजी अली दरगाह है,  सिद्धि विनायक मंदिर से इसकी दूरी पांच किमी है। यह  मंदिर 16 वीं - 17 वीं शताब्दी के आसपास बनाया गया था और यहाँ की मुख्य पीठासीन देवी लक्ष्मी हैं, साथ ही देवी काली और सरस्वती की मूर्तियां भी यहाँ स्थापित हैं।


devi laxmi


   इस मंदिर को लेकर कई पौराणिक और ऐतिहासिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। यहां पूरे साल बड़ी संख्या में देश भर से आने वाले भक्तों का तांता लगा रहता है। मंदिर में देवी की मूर्तियों को सोने की चूड़ियों और मोतियों के हार से सजाया गया है। यहां पूजा के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए आपको कई दुकानें मिल जाएंगी।  


8. श्री सिद्धिविनायक मंदिर (Shri Siddhi Vinayak Mandir)


मुंबई के प्रभादेवी में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर, भगवान श्री गणेश को समर्पित है यह मंदिर भारत के प्रसिद्द गणेश मंदिरो में से एक है और यह देश के सबसे अमीर मंदिरों में शामिल है। यहां देश-विदेश से हर धर्म के लोग श्री गणेशजी का दर्शन करने के लिए आते हैं। 


   इस मंदिर में गर्भगृह के लकड़ी के दरवाजे, अष्टविनायक (गणेश के आठ स्वरूप) की छवियों के साथ उकेरे गए हैं और गर्भगृह की भीतरी छत को सोने से मढ़वाया गया है। मंदिर की परिधि में एक हनुमान मंदिर भी है। मंदिर के बाहरी हिस्से में एक गुंबद है जो शाम को कई रंगों से जगमगाता है।


siddhivinayak-temple

 
 बॉलीवुड के सितारे भी अक्सर पैदल चलकर सिद्धिविनायक के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर में गणेश भगवान की जो प्रतिमा है वह स्वयंभू है और भक्तों की मनोकामना सिद्धि विनायक के दर्शन से पूरी होती है


9. ग्लोबल विपश्यना पगोडा ( Global Vipasyana Pagoda)


मुंबई में अरब सागर के किनारे बोरीवली गोराई बीच के नजदीक मौजूद ग्लोबल विपश्यना पगोडा बेहद खास है। इस जगह पर भगवान बुद्ध की दी हुई शिक्षा के आधार पर लोगों को वास्तविक आनंद प्राप्त करने का मार्ग बताया जाता है। यह पगोड़ा गुम्बदनुमा आकृति में तैयार किया गया है। खास बात ये है कि इस गुंबद में एक भी आधार स्तंभ नहीं है। 


  पगोडा का निर्माण प्राचीन भारतीय स्थापत्य कला और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन मिश्रण है, जो इसे बेहद ख़ास और दर्शनीय बनाता है। इस मंदिर को बनाने के लिए पत्थरों और सोने का इस्तेमाल किया गया है। मंदिर के शिखर को बड़े क्रिस्टल के साथ सजाया गया है। यहां के शिखर पर असली गोल्ड का काम किया गया है, बाकी जगहों पर सोने का पानी चढ़ाया गया है।


vipsyana-pagoda

  गौतम बुद्ध के विचारों और ज्ञान का प्रसार करने वाला यह स्थान उनकी बताई हुई विपश्यना ध्यान पद्धति का विश्व में एक बड़ा केंद्र है। इस पगोडा में बनी गैलरी में आप बुद्ध से संबंधित कई पेंटिंग देख सकते हैं। पगोडा की नक्काशी देखकर आप सम्मोहित होकर रह जाते हैं। 


   इस पगोडा में बने हॉल में करीब 8000 लोग एकसाथ ध्यान कर सकते हैं, यह 61300 वर्गफीट में बना है। इसकी गुंबदनुमा छत 325 फीट ऊंची है। यहां बुद्ध के अवशेष रखे हुए हैं, जिस स्थान पर बुद्ध से जुड़े अवशेष रखे होते हैं उन्हें पगोडा कहा जाता है। इस स्थान पर बुद्ध की लंबी प्रतिमा स्थापित  है, जिसे संगमरमर पत्थर से बनाया गया है।


 यहां के म्यूजियम में भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी चीजों को दर्शया गया है। इस स्थान पर गया से लाए गए बोधिवृक्ष की शाखा को लगाया गया था। यह इस जगह को आध्यात्मिक रूप से और भी मजबूत करती है।


10. फ़िल्म सिटी (Film City Mumbai)


फिल्म सिटी, गोरेगांव पूर्व, मुंबई में संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के पास फिल्म स्टूडियो परिसर है।फिल्म सिटी 520 एकड़ से अधिक भूमि में फैली हुई है। इसमें लगभग 42 आउटडोर शूटिंग स्थान और विभिन्न आकार के 16 स्टूडियो हैं। 


   यहां फिल्मों की शूटिंग के लिए रिकॉर्डिंग रूम, थिएटर, बगीचे, झीलें, मैदान, मंदिर, जेल, कोर्ट,  पहाड़, फव्वारे, गांव, पिकनिक स्पॉट, बगीचा और मानव निर्मित झरना सहित सभी प्रकार के स्थान उपलब्ध हैं।


film-city-gate

 

  इसे 1977 में राज्य सरकार द्वारा फिल्म उद्योग को सुविधाएं और रियायतें प्रदान करने के लिए बनाया गया था। भारतीय फिल्म उद्योग के जनक निर्माता-निर्देशक-पटकथा लेखक दादासाहेब फाल्के की याद में 2001 में इसका नाम बदलकर दादासाहेब फाल्के चित्र नगरी कर दिया गया।  


  फिल्म सिटी की भूमिका बॉलीवुड फिल्मों और धारावाहिकों के निर्माण में बहुत महत्वपूर्ण है। यहां बहुत सारी बॉलीवुड फिल्मों और धारावाहिकों की शूटिंग चलती रहती है। यहां पर घूमने आये लोगों को लाइव शूटिंग देखने का अवसर मिल सकता है। मुंबई नगर भ्रमण करवाने वाली बस के द्वारा भी इस स्थान की सैर की जा सकती है। बॉलीवुड फिल्म प्रेमियों के लिए इस जगह को देखना रुचिकर रहेगा। 


11. संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (Sanjay Gandhi National Park) 


अगर हरियाली के बीच समय बिताना पसंद है तो इस राष्ट्रीय उद्यान की सैर कर सकते हैं। घने जंगलों वाला यह स्थान 104 वर्ग किलोमीटर में फैला है। विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों और जीवों को यहां देखा जा सकता है जिसमें टाइगर भी शामिल है। साथ ही यह कई तरह की तितलियों का घर भी है। मुंबई की भागती ज़िंदगी के बीच इसकी  हरियाली एक शांति और सुकून भरा वातारण तो देती है। 


sanjay-gandhi-national-park

  राष्ट्रीय उद्यान के अंदर तुलसी और विहार नाम की दो झीलें हैं। यहां आप कन्हेरी गुफाओं तक भी जा सकते हैं। कान्हेरी गुफाएँ 109 गुफाओं का एक संग्रह हैं, जिनमें बुद्ध और उनके शिष्यों की पत्थर की संरचनाएँ बनी हुई हैं। ये गुफाएं बौद्ध कालीन कला को दर्शाती हैं जो की समुद्रतल से लगभग 1500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।  कन्हेरी गुफा, मुख्य उद्यान से 6 km और बोरीवली स्टेशन से 7 km दूर हैं।


12. बैंडस्टैंड, मुंबई (Bandstand, Bandra)


बांद्रा बैंडस्टैंड, मुंबई में एक लोकप्रिय सैरगाह है। इसमें एक जॉगर्स स्ट्रिप और एक पार्क है जो इसे काफी लोकप्रिय हैंगआउट स्पॉट बनाता है। फूड जंक्शनों और स्ट्रीट स्नैक्स बेचने वाले फेरीवालों के साथ यह सैरगाह हर समय लोगों से भरा रहता है। 


also read -


Visit to Goa-गोवा की सैर 


Araku Valley Tour-अरकू वैली, विशाखापटनम 


Veichle Insurance Claim-कार दुर्घटना क्लेम कैसे लें 


band-stand-bandra


  यहां के समुद्र के किनारे की चट्टानों में बैठकर लोग मंत्रमुग्ध कर देने वाली लहरों और क्षितिज की सुंदरता का आनंद लेते हुए देखे जाते हैं। यहां एक एम्फीथिएटर है, जिसका उपयोग विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत कार्यक्रमों की मेजबानी के लिए किया जाता है। 


   यहां से बांद्रा किला और बांद्रा सी लिंक नजदीक ही है, यह भी लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण हैं। इसके अलावा बैंडस्टैंड, शाहरुख खान का आवासीय स्थान भी है, जो पर्यटकों के लिए एक अन्य आकर्षण है। इसके समीप ही गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान का निवास है। समुद्र के किनारे शाम बिताने के लिए बैंडस्टैंड एक अच्छा स्थान है।


  मुंबई घूमने का सर्वश्रेष्ठ समय अक्टूबर से फरवरी तक है। गर्मियों और बारिश के मौसम में यहां घूमना असुविधाजनक हो सकता है। आप चाहें तो यहां से गोवा घूमने का प्लान भी बना सकते हैं। अब तो मुंबई से गोवा के मध्य क्रूज सेवा भी उपलब्ध है। 


   आशा है ये आर्टिकल "12 Tourist Places in Mumbai-मुंबई में घूमने की 12 प्रमुख जगहें" आपको पसंद आया होगा, इसे अपने मित्रों को शेयर कर सकते हैं। अपने सवाल एवं सुझाव कमेंट बॉक्स में लिखें। ऐसी ही और भी उपयोगी जानकारी के लिए इस वेबसाइट पर विज़िट करते रहें। 


also read -


Malaysia Tourist Places and Travel Tips-मलेशिया टूर गाइड 


How to Open a Restaurant-रेस्टॉरेंट कैसे खोलें 


11 Habits of Millionaires-करोड़पतियों की 11 आदतें 




No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad