Places to visit in Andman nicobar. अंडमान निकोबार -धरती का स्वर्ग - sure success hindi

success comes from knowledge

Breaking

Post Top Ad

Monday 9 September 2019

Places to visit in Andman nicobar. अंडमान निकोबार -धरती का स्वर्ग

Places to visit in Andman nicobar. अंडमान निकोबार -धरती का स्वर्ग 

भारत का केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप, प्रकृति प्रेमियों के लिए समुद्र और जंगल के अद्भुत मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है। यहां  घने पेड़ों के झुरमुट में रंग बिरंगे पक्षियों की चहचहाहट, जीव जंतुओं की विभिन्न प्रजातियां और समुद्री जीवन की विविधता देखने लायक है। समुद्री जीवन और वॉटर स्पोर्ट्स में रूचि रखने वाले लोगों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। 

    यहां कमर्शियल फिशिंग बैन है इसलिए मछलियाँ को अपना जीवन चक्र पूरा करने में रुकावट नहीं होती। तितलियों के झुण्ड यहां देखने को मिल जाएंगे, पेड़ पौधों की घनी हरियाली के बीच तितलियाँ उन्मुक्त होकर विचरण करती हैं। यहां एक बड़े आकार का केंकड़ा (कोकोनट क्रैब) पाया जाता है जो नारियल की कठोर सतह को फाड़कर, नारियल खा जाता है। 
andman-nicobar-beach

    अंडमान द्वीप पर समुद्र के किनारे टहलें या धूप सेंकने का आनंद लें, चाहें तो स्कूबा डाइविंग, कयाकिंग, पैरासेलिंग और जेट स्कीइंग का मजा ले सकते हैं।बैरन द्वीप पर भारत के एकमात्र सक्रिय ज्वालामुखी को देख सकते हैं।यहां के प्राकृतिक नज़ारे को देखकर पर्यटक शांति और सुकून का अनुभव करते हैं। 

 यहां की मंत्र मुग्ध कर देने वाली हरियाली और समुद्र तटों का क्रिस्टल क्लियर पानी इस द्वीप की जान हैं। प्रकृति का भरपूर सौंदर्य यहां के पहाड़ों, झरनों और जंगलों में अपने पूरे यौवन के साथ प्रदर्शित होता है। इसलिए अंडमान निकोबार द्वीप को "गार्डन ऑफ ईडन" भी कहा जाता है। 

    अंडमान निकोबार एक द्वीप समूह है इसमें 572 छोटे -बड़े द्वीप शामिल हैं, जिसमें  कुछ ही द्वीपों पर लोग रहते हैं। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण में हिंद महासागर में स्थित अंडमान निकोबार द्वीप की राजधानी पोर्ट ब्लेयर है। यह द्वीप समूह पश्चिम बंगाल के तट से 1,220 K.M. और चेन्नई से लगभग 1,190 K.M. दूर स्थित है। खाद्य और अन्य वस्तुओं की सप्लाई चेन्नई और कोलकाता से होती है। 

   अंडमान में अधिकतर नारियल और सुपारी की पैदावार होती है। यहां पर सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा बंगाली है। जिसके बाद हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम बोली जाती है। 
under-water-sea

यात्रा कब करें -      

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की यात्रा के लिए सर्वश्रेष्ठ समय अक्टूबर से मई के बीच का होता है। इस दौरान वार्षिक पर्यटन महोत्सव का भी समय होता है। जुलाई से सितम्बर तक यहां भारी बारिश होती है, इस दौरान वाटर स्पोर्ट्स बंद रहते हैं। सर्दियों में  (अक्टूबर से मार्च) मौसम सौम्य और सुखद रहता है। तापमान 20 -30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।

 अंडमान निकोबार कैसे पहुंचे -

भारत से अंडमान निकोबार ट्रेन या बस से नहीं जाया जा सकता। यहां केवल फ्लाइट या फिर पानी के जहाज से जा सकते हैं। पोर्टब्लेयर के लिए फ्लाइट दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बैंगलोर, कोलकाता और चेन्नई से  मिल जाती हैं। यदि समुद्री यात्रा का मज़ा लेते हुए अंडमान जाना चाहें तो  पहले आपको चेन्नई, कोलकाता या विशाखापट्नम (विजाग) बंदरगाह पहुंचना होगा। इन शहरों से हर महीने दो से तीन जहाज अंडमान जाते हैं।

   चेन्नई से 1200 किमी की हवाई यात्रा में दो घंटे लगते हैं वहीं पानी के जहाज से यह यात्रा  50 से 60 घंटे में पूरी होगी 


देखने योग्य स्थल (Places to Visit In Andaman Nicobar Island) -

1. पोर्ट ब्लेयर (Port Blair)

port-blair

अंडमान - निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर है, इसलिए सभी विभागों के मुख्यालय यहां स्थित हैं। हरियाली से भरपूर इस क्षेत्र में इमारती लकड़ी प्रचुरता से पायी जाती हैं। यहाँ के नीले दिखने वाले  समुद्र के पानी में रंगबिरंगी मछलियाँ अठखेलियाँ करती मिलेंगी। 

    यहां के कई लग्जरी रिजॉर्ट्स और होटल्स में रात के वक्त लाइव बैंड और  कॉकटेल पार्टी के साथ मनोरंजन के कार्यक्रम किये जाते हैं। जो गोवा की रंगीन नाइट लाइफ की याद दिलाते हैं। 

    पोर्ट ब्लेयर के प्रमुख दर्शनीय स्थल इस प्रकार हैं - हरियाली से भरपूर स्वच्छ बीचेस, सेल्यूलर जेल, एंथ्राॉपोलॉजिकल म्यूजियम, समुद्र संग्रहालय, मिनी ज़ू, चैथम सा मिल,  मैरीन पार्क, वाइपर आइलैंड, सिपीघाट फार्म, वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आदि।

A. सेलुलर जेल (Cellular jail )-
cellular-jail

अंग्रेजों के जमाने में स्वतंत्रता सेनानियों को पोर्ट ब्लेयर की सेलुलर जेल में रखा जाता था। अंग्रेजों के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले लोगों को मुख्य भूमि से दूर यहां कैद करके रखा जाता था, इसे काला पानी की सजा कहते थे। 

   जेल ब्लॉक के अंदर घूमकर देख सकते हैं कि स्वतंत्रता सेनानियों को किन कोठरियों में बंद करके रखा और प्रताड़ित किया जाता था। जेल की दीवारों पर वीर शहीदों के नाम लिखे हैं। 

    यहां एक संग्रहालय है जहां उन अस्त्रों को देखा जा सकता है जिनसे स्वतंत्रता सैनानियों पर अत्याचार किए जाते थे। सेलुलर जेल में शाम के समय लाइट ऐंड साउंड शो का आयोजन होता है जिसमें वीर सेनानियों की गाथा कही जाती है। सोमवार को जेल बंद रहती है। अन्य दिनों में इसे सुबह 9 से शाम 5 बजे तक देखा जा सकता है।

B. म्यूजियम टूर -

पोर्ट ब्लेयर स्थित म्यूजियम में कई पार्ट्स हैं। जिसमें आप ट्राइबल हिस्ट्री, मरीन लाइफ और अन्य चीजों बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। मरीन म्यूजियम में आईलैंड के आर्टिफैक्ट्स देख सकते हैं, जबकि मानवशास्त्रिय म्यूजियम में आदिवासी भित्ति-चित्रों (tribal murals) को वहीं फिशरीज म्यूजियम में समुद्र के नीचे पाए जाने वाले जीव जंतुओं की ढेरों प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई है। 

C.चिड़िया टापू (Bird Island) -
bird-watching

चिड़िया टापू में दुनियाभर से चिड़ियों की अलग-अलग प्रजातियां यहां आती हैं और उन्हें एक साथ देखने का मजा ही कुछ और है।  बर्ड वॉचिंग का बेस्ट टाइम सुबह का होता है जब ये पक्षी ज्यादा ऐक्टिव रहते हैं। पक्षियों के लिए यह एक शांत जगह है।

 यहां आपको शांत प्राकृतिक माहौल में पक्षियों को निहारने का मौका मिलेगा। यहां की दूरी पोर्ट ब्लेयर से 30 km. है, जहां रोड द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है।
  

D. एबरडीन मार्केट से खरीददारी -

यहां का सबसे बड़ा और प्रसिद्ध बाजार एबरडीन बाजार है। जहां आप गर्वनमेंट एम्पोरियम्स के साथ ही रोड से लगी दुकानों से बहुत सी चीज़ेंखरीद सकते हैं जैसे - लकड़ी और सीप से बनी सजावटी चीजें, पोर्ट ब्लेयर टी शर्ट, पर्ल जूलरी, नारियल से बने लैंपशेड्स, चूड़ियां आदि। यहां बार्गेनिंग करना न भूलें। 

E.राजीवगांधी वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स - 

अगर आप वॉटर स्पोर्ट्स के शौक़ीन हैं तो राजीव गांधी वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जाकर इसका मज़ा ले सकते हैं। यहां कई तरह के वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधा उपलब्ध है जिसमें - पैरासिलिंग, वाटर स्कूटर, जेट स्कीइंग, स्पीड बोट, पैडल बोट की सवारी आदि शामिल है। इसकी फीस 500/- रूपये  से शुरू होकर 5000/- तक होती है। 

 2. हैवलॉक द्वीप (Havelock Island) -
havelock-island-beach


अंडमान में पर्यटकों के सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र है यहां का हैवलॉक आइलैंड । लगभग 113 वर्ग K.M. के क्षेत्र में फैला यह आइलैंड पोर्ट ब्लेयर के उत्तर-पूर्व में 39 कि.मी की दूरी पर स्थित है। 

   हैवलॉक में सबसे खास और आनंददायी अनुभव होने का कारण इसके सफेद बालू से भरे तट और उसके आसपास फैली हरियाली के साथ यहां का ताजगी भरा वातावरण अपार आत्मिक और मानसिक शांति का अनुभव कराता है। 

  शहर की भाग दौड़ वाली जिंदगी से दूर दिलोदिमाग को रिफ्रेश करना हो या वाटर स्पोर्ट्स का मज़ा लेना हो, दोनों ही दृष्टिकोण से आप यहां आ सकते हैं। यहां के समुद्र तट पूर्ण रूप से जीवन के सबसे हसीन पल अपने परिवार या दोस्तों के साथ बिताने का अवसर प्रदान करते हैं।इस स्थल को भारत के देखने योग्य प्रमुख  स्थानों में शामिल किया जा सकता है।

  यहां कई बेहतरीन बीच मौजूद हैं, जिनकी सैर का आनंद ले सकते हैं। हैवलॉक का सबसे लोकप्रिय बीच राधानगर है। यह न सिर्फ भारत का बल्कि एशिया के सबसे खास समुद्री तटों में गिना जाता है। यहां का रोमांटिक वातावरण न्यूली मैरिड कपल्स को आकर्षित करता है, जो हनीमून मनाने आते हैं। 
radhanagar-beach

  नेचर लवर और एडवेंचर्स के शौकीन लोगों के लिए यहां बहुत कुछ देखने योग्य है। इस बीच पर कछुए, बड़ी मछलियां और डॉलफिन देखी जा सकती हैं। समुद्री आबोहवा का आनंद लेने के लिए यहां के अन्य बीच हैं - ऐलिफेंट बीच, विजय बीच और कालापत्थर बीच आदि ।

   यहां पर समुद्र का पानी शीशे की तरह साफ है। यह इतना साफ़ है कि पानी के नीचे जलीय पौधे व रंगीन मछलियों को तैरते हुए स्पष्ट देख सकते हैं। इनका सौंदर्य निहारते हुए पर्यटक सम्मोहित होकर रह जाता है।

  हैवलॉक द्वीप स्कूबा डाइविंग के लिए सबसे मशहूर स्थल है। स्कूबा डाइविंग में आपको ऑक्सीजन सिलिन्डर के साथ समुद्र के अंदर मछलियों, कोरल और अन्य जीव जंतुओं को देखने का अवसर मिलता है। 

  यहां पर ट्रेन्ड गोताखोरों और आवश्यक उपकरणों के साथ स्कूबा डाइविंग करवाई जाती है। इनके दिशा निर्देशों का स्कूबा डाइवर को पालन करना होता है।  यह सुविधा उपलब्ध करवाने वाले दो प्रमुख डाइविंग ऑपरेटर्स हैं - बेयरफुट स्कूबा और डाइव इंडिया। 

 स्कूबा डाइविंग जैसी एक अन्य एक्टिविटी होती है "सी वॉक"- इसमें एक बड़ा सा हेलमेट पहना कर समुद्र में उतारा जाता है। इसमें ऑक्सीजन की सप्लाई ऊपर स्थित प्लेटफार्म से पाइप द्वारा की जाती है। इस प्रकार समुद्र की तली पर चलते हुए मछलियों के झुण्ड और समुद्री वनस्पतियों को देख सकते हैं। 

   वाटर एडवेंचर के लिए हैवलॉक एक आदर्श स्थल है। इसके अलावा यदि आप यहां के ग्रामीण जीवन को देखना चाहें तो हैवलॉक में स्थित गांवों का भ्रमण भी कर सकते हैं। यहां लगभग 6 गांव मौजूद हैं। 
andman-nicobar-island

 3. नील आइलैंड

पोर्ट ब्लेयर से 36 K.M. दूर स्थित  नील एक छोटा लेकिन खूबसूरत आईलैंड है, जो करीब 37 Sq. Km. में फैला हुआ है। अपने कोरल रीफ और बेहतरीन बायोडायवर्सिटी की वजह से यह द्वीप भी अंडमान के देखने योग्य स्पॉट में शामिल है। 

    इस आईलैंड को करीब दो घंटे में पैदल भी घूमा जा सकता है। पोर्ट ब्लेयर से स्पीड बोट या फेरी के जरिए  नील आईलैंड पर पहुंचा जा सकता है। 

  पोर्ट ब्लेयर से नील के लिए रोजाना सुबह-शाम फेरियां चलती हैं, इसमें सरकारी के साथ मैक्रूज़ जैसे प्राइवेट ऑपरेटर के जहाज़ होते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के लिए मैक्रूज़ की आधिकारिक वेबसाइट makruzz. com पर जाकर घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं। 

  सरकारी जहाज की तुलना में प्राइवेट ऑपरेटर के जहाज़, तेज होने के कारण कम समय में पहुंचा देते हैं। परन्तु सरकारी जहाज में डेक पर जाकर नज़ारा लेने और फोटोग्राफी की सुविधा होती है, प्राइवेट जहाज़ में ऐसा नहीं कर सकते। 

also read

1. singapore travel with cruise.सिंगापुर की यात्रा 

2. शिमला के बारे में जानकारी.facts about shimla


3. Patnitop hill station.जम्मू कश्मीर का हिल स्टेशन -पटनीटॉप
long-island-beach

4. माउंट हैरियट और मधुबन (Mount Harriet And Madhuban) -

अगर आपको ट्रेकिंग करते हुए जंगल का सौंदर्य देखना पसंद है और आप दोस्तों के साथ अंडमान की यात्रा कर रहे हैं तो इस स्थान पर जरूर जाएँ। ट्रेकिंग के शौकीनों के बीच, माउंट हैरियट से मधुबन के बीच 16 K.M. का यह ट्रेक बहुत पॉपुलर है। 

  यह एक शानदार मार्ग है जहां पर आपको विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों के साथ जीव -जन्तु देखने को मिलेंगे। माउंट हैरियट के जंगलों में हाथी सफारी की सुविधा भी उपलब्ध है। जिससे हाथी पर बैठकर जंगल दर्शन का आनंद ले सकते हैं।

5. महात्मा गांधी मैरिन नेशनल पार्क  -

महात्मा गांधी मैरिन नेशनल पार्क 281.5 वर्ग कि.मी. में फैला है। इसकी दूरी पोर्टब्लेयर से साउथ में 16 km. है, इसमें 17 आइलैंड शामिल हैं। यहां पर आप कोरल रीफ, घने मैंग्रोव और सफ़ेद रेत से ढंके बीचेस देख सकेंगे। साथ ही आप चाहें तो ग्लास बॉटम बोट की सवारी करके समुद्री जीवन का अनुभव प्राप्त करें या स्कूबा डाइविंग भी कर सकते हैं।  

6. बैरन द्वीप का ज्वालामुखी -

पोर्ट ब्लेयर से 138 km उत्तर पूर्व में लगभग 3 km. में फैले इस द्वीप में सक्रिय ज्वालामुखी देख सकते हैं। यह भारत का एकमात्र सक्रिय ज्वालामुखी है। यह ज्वालामुखी सन 2005 में फटा था। तब से अब तक इसमें से लावा निकल रहा है। इस द्वीप में मानव नहीं रहते केवल कुछ चूहे और पक्षियों की प्रजातियां यहां देखी जाती हैं। 

    अंडमान निकोबार की सैर का आनंद लेने के लिए 10 दिनों का समय आपके पास होना चाहिएअंडमान जाने के लिए बैग में हल्के सूती कपड़े,  शॉर्ट्स, टी शर्ट, स्विमिंग कास्ट्यूम रखने से सुविधा रहेगी। इसके अलावा धूप का चश्मा, कैप, चप्पल और आरामदायक खुले जूते रखें।

   यहां घूमने के लिए स्कूटर किराये पर मिल जाता है, जिससे स्वतंत्र होकर कहीं भी आना - जाना कर सकते हैं।  वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों को संभाल कर रखा जाना चाहिए।

 यह सावधानी रखें -

1. विशेष सावधानी के तौर पर सरकारी डॉकयार्ड, रक्षा प्रतिष्ठानों, नौसेना घाटों, धनखरी बांध की फोटोग्राफी / वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है। ट्राइबल रिजर्व (जनजातिय) क्षेत्रों के अंदर फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी की कोशिश न करें यह गैरकानूनी है।

2. अंडमान भारत के सबसे स्वच्छ पर्यटन स्थलों में से एक है। कूड़े और प्लास्टिक को  समुद्र में फेंकने से जुर्माना लग सकता है।

3. कोरल रीफ का ध्यान रखें - स्कूबा डाइविंग, स्विमिंग करते समय कोरल रीफ पर न खड़े हों। 

4. समुद्र तटों और सार्वजनिक स्थानों पर नग्नता और शराब का सेवन वर्जित है।

5.  अंडमान - निकोबार द्वीप की यात्रा के दौरान समुद्र में प्रवेश करने से पहले लाइफ गार्ड से सलाह लें।

      आशा है ये आर्टिकल "Places to visit in Andman nicobar. अंडमान निकोबार -धरती का स्वर्ग " आपको पसंद आया होगा इसे अपने मित्रों तक शेयर कर सकते हैं। कमेंट सेक्शन में जाकर अपने सवाल एवं सुझाव लिख सकते हैं। ऐसी ही अन्य खूबसूरत जगहों की यात्रा की जानकारी के लिए इस वेबसाइट पर विज़िट करते रहें। 

also read -

1. Thailand trip in hindi.बैंकाक -पट्टाया की सैर 

2. audition of acting.ऑडिशन कहाँ होता है और कैसे दें 

3. how to select share for investment


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad