Mysterious Death in Bollywood-बॉलीवुड स्टार्स की रहस्यमय मौत - sure success hindi

success comes from knowledge

Breaking

Post Top Ad

Wednesday 17 June 2020

Mysterious Death in Bollywood-बॉलीवुड स्टार्स की रहस्यमय मौत


Mysterious Death in Bollywood-बॉलीवुड स्टार्स की रहस्यमय मौत 

बॉलीवुड सितारों को अपनी फ़िल्मी छवि के बल पर नाम, प्रसिद्धि और पैसा सब कुछ मिलता है। इनकी चकाचौंध को देखकर युवा वर्ग इनकी तरह बनने के सपने देखता है, परन्तु स्टारडम इतनी आसानी से मिलने वाली चीज़ नहीं होती। कुशल अभिनय के साथ इसके लिए काफी मेहनत और जोड़तोड़ भी करना पड़ता है। इसके बिना बॉलीवुड में कामयाब होना मुश्किल है। 
sushant- singh-rajput

   स्टारडम और लोकप्रियता पाना जितना कठिन होता है उसे बरकरार रखना और भी कठिन होता है। मिथुन चक्रवर्ती ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था - "एक फिल्म हिट होने पर नाम, प्रसिद्धि और पैसा सब कुछ मिलता है, तो फ्लॉप फिल्म से सब कुछ छिनने का डर भी रहता है।" बॉलीवुड सितारे इस बारे में चिंतित रहते हैं। लोकप्रियता के दिन देखने के बाद उन्हें इस बात की चिंता सताती है कि अगर उनकी 1-2 फिल्म फ्लॉप हुई तो वो गुमनामी के अंधेरे में न खो जाएँ। 

    इस तनाव के अलावा फ़िल्मी दुनियां में बनते -बिगड़ते आपसी संबंध भी डिप्रेशन का कारण हैं। अब तो बॉलीवुड में खेमेबाज़ी की चर्चा खुलकर होने लगी है, जिसके शिकार बॉलीवुड में बाहर से आने वाले कलाकार होते हैं। दीपिका पादुकोण जैसी टॉप एक्ट्रेस ने भी स्वीकारा है कि वे भी डिप्रेशन की गिरफ्त में रह चुकीं हैं। 

   कुछ कलाकार इस डिप्रेशन से उबरने में कामयाब हो जाते हैं वहीं कुछ इसमें सफल नहीं हो पाते। इस डिप्रेशन ने कई सितारों को असमय ही मौत के मुँह में ढ़केला  है। यहां 7 शीर्ष बॉलीवुड हस्तियों की सूची दी गई है जिनकी असमय और रहस्यमय मौत ने सभी को स्तब्ध करके रख दिया जिसकी चर्चा लोगों के बीच लम्बे समय तक होती रही।

1. गुरुदत्त (Gurudutt) -

गुरुदत्त का निधन अक्टूबर 1964 में 39 वर्ष की आयु में हो गया था। यह महान फिल्मकार पेडर रोड, मुंबई में अपने किराए के अपार्टमेंट में मृत पाया गया था। उनकी गिनती दिग्गज अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के रूप में होती है। वे अपनी क्लासिक फिल्मों जैसे प्यासा, कागज़ के फूल, साहिब बीवी और गुलाम, चौदहवीं का चाँद जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। 
gurudutt

    उन्होंने गायिका गीता रॉय से विवाह किया था परन्तु शादी के कुछ वर्षों बाद आपसी संबंध बिगड़ने लगे और उन्होंने डाइवोर्स ले लिया और अकेले रहने लगे। शायद इसी कारण वे शराब और नींद की गोलियों का सेवन करने लगे थे,  उनकी मृत्यु का कारण नींद की गोलियों का अत्यधिक मात्रा में सेवन करना बताया गया था।

    यह रहस्य बना रहा कि यह अनजाने में हुआ या उन्होंने आत्महत्या की थी। वैसे उन्होंने इसका संकेत अपनी फिल्म "प्यासा" के गाने "ये दुनियां अगर मिल भी जाए तो क्या है ......" से दे दिया था। 

   ऐसी अफवाहें थीं कि उनके तनाव का एक कारण पत्नी गीता से अलगाव था जिसके पीछे गीता दत्त की शराब पीने की आदत थी, वहीं कुछ लोग इसका कारण वहीदा रहमान को बताते थे। उनके तनाव का दूसरा  कारण उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म "कागज के फूल" का बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो जाना था। 

   इस फिल्म को उन्होंने अपने मित्रों के विरोध के बावजूद बनाया था पर फिल्म बुरी तरह असफल रही थी। हालांकि कागज के फूल के बाद उनकी दो फ़िल्में साहिब बीवी और गुलाम व चौदहवीं का चाँद सफल रही थीं।
gurudutt-and-waheeda
   टाइम मैगज़ीन ने उनकी फिल्मों "प्यासा" और "कागज़ के फूल" को आल टाइम 100 बेस्ट मूवीज की लिस्ट में शामिल किया था। इसके बाद "कागज़ के फूल" को भारत में भी देखा और पसंद किया गया। 

    उनकी फिल्मों के गीत - वक़्त ने किया क्या हंसी सितम ........, चौदहवीं का चाँद हो........., ये दुनियां अगर मिल भी जाए तो क्या है ........ जैसे साहिर लुधियानवी के लिखे बहुत से गीत अत्यधिक लोकप्रिय रहे हैं और आज भी संगीत प्रेमियों द्वारा पसंद किये जाते हैं। 

manmohan-desai

2. मनमोहन देसाई (Manmohan Desai) -

मनमोहन देसाई अपनी मसाला मल्टीस्टारर फिल्मों के लिए जाने जाते थे। निर्माता निर्देशक मनमोहन देसाई की सुपरहिट फ़िल्मों की लम्बी सूची है, जिनमें- सच्चा झूठा, अमर अकबर एंथोनी, नसीब, चाचा भतीजा, मर्द, धरमवीर, देशप्रेमी जैसी फ़िल्में शामिल हैं।

   अमिताभ बच्चन को मेगास्टार बनाने में मनमोहन देसाई का बहुत बड़ा हाथ रहा है। इनकी ही फिल्म "कुली" की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन को घातक चोट लगी थी।  

coolie
   मनमोहन देसाई की दुखद मृत्यु 1 मार्च 1994 को अपने फ्लैट की बालकनी से गिरने के कारण हुई थी। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह दुर्घटना थी या आत्महत्या। कई लोग कहते हैं कि उन्होंने अपनी जान ले ली क्योंकि वे अपने पीठ के दर्द और गिरते करियर से मानसिक रूप से परेशान थे। अभिनेत्री नंदा से उनके संबंध भी चर्चा में रहे हैं। 

   उनकी 1988 में रिलीज़ अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म "गंगा जमुना सरस्वती" फ्लॉप हो चुकी थी। इसके पहले 1986 में उनके पुत्र केतन देसाई द्वारा निर्मित जैकी श्रॉफ स्टारर फिल्म "अल्ला रक्खा" बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। मनमोहन देसाई इन असफलताओं को बर्दाश्त नहीं पाए और उन्होंने जीवन समाप्त कर लिया। 

divya-bharti

3. दिव्या भारती (Divya Bharti) -

दिव्या भारती ने तेलगु सिनेमा मे अपना नाम करने के बाद हिंदी सिनेमा की ओर रुख किया। वे "शोला और शबनम" व "दीवाना" में अपनी भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं।"दीवाना" फिल्म सुपरहिट थी और उनके बहुत सारे प्रशंसक थे। 

  उनका बॉलीवुड करियर अभी शुरू ही हुआ था और यह सिने प्रेमियों के लिए अत्यंत दुखद रहा कि मात्र 19 वर्ष की छोटी उम्र में यह अभिनेत्री दुनियां छोड़कर चली गई।

 उन्होंने एक्शन-थ्रिलर सनी देओल स्टारर "विश्वात्मा" से  बॉलीवुड में पदार्पण किया। 1992 में जब उन्होंने निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी की तब वे 18 साल की थी।वर्सोवा मुंबई में पांचवी मंजिल के अपार्टमेंट से गिरने के बाद अप्रैल 1993 में उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने उनकी मौत का कारण सिर के पीछे भारी रक्तस्राव को बताया था।   

    कुछ लोगों का कहना था कि वे नशे में थी और पाँचवीं मंजिल की विंडो के पास अपना संतुलन खो बैठी, जिसमें ग्रिल नहीं लगी थी। जबकि दूसरों का कहना है कि किसी ने उसे नशा दिया और फिर पाँचवीं मंजिल से धक्का दे दिया। 

  हालांकि वास्तविक कारण ज्ञात नहीं था, परन्तु अफवाहें थीं कि अभिनेत्री ने आत्महत्या की थी। बाद में इस केस को एक आकस्मिक मौत मानकर बंद कर दिया गया। कारण चाहे जो भी हो, परन्तु इस घटना ने बहुत कम उम्र की एक अभूतपूर्व अभिनेत्री को हमसे छीन लिया।

jiah khan

4. जिया खान (Jiah Khan) -

जिया खान ने अपनी पहली फिल्म "निशब्द" मेगा स्टार अमिताभ बच्चन के साथ की थी। बाद में यह अभिनेत्री गजनी (2008) और हाउसफुल (2010) जैसी फिल्मों में दिखाई दीं। अपने करियर की एक संक्षिप्त अवधि में उन्हें दर्शकों की पर्याप्त सराहना प्राप्त हुई थी। जिया खान ने कथित तौर पर 3 जून 2013 को मुंबई में आत्महत्या कर ली थी। वे अपने अपार्टमेंट के सीलिंग फैन से लटकी मिली थीं। 

   बाद में 7 जून 2013 को एक सुसाइड नोट मिला, जिसके आधार पर अभिनेता आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली से पुलिस ने पूछताछ की थी। पुलिस को सूरज और जिया के फ़ोन रिकॉर्ड से पता चला कि वे डेटिंग कर रहे थे। जिया के लिए सिम भी सूरज ने खरीदा था, दोनों के सिम के अंतिम चार अंक 6677 थे जिसका अर्थ था -हम साथ साथ हैं। 

  1 अगस्त, 2016 को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जिया की मौत का कारण "आत्महत्या" बताया। उसकी माँ ने तब एक ब्रिटिश फोरेंसिक विशेषज्ञ को काम पर रखा था। जिसकी रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया कि जिया के चेहरे पर निशान और गर्दन से मिले संकेतों से उसकी मृत्यु का कारण कुछ और भी था।


    जिया का गर्भपात हो गया था और उसके प्रेमी से उसका रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था।  यह भी संभावना व्यक्त की गई कि उसकी हत्या कर दी गई थी। उसे मार दिया गया अथवा उसने आत्महत्या की थी और उसकी आत्महत्या का दोषी वास्तव में कौन था? यह रहस्य अनसुलझा है।

parveen-babi

5. परवीन बाबी (Parveen Babi) -

बॉलीवुड की अंत्यंत खूबसूरत और बेहद पसंद की जाने वाली अभिनेत्री  परवीन बाबी ने 70 और 80 के दशक की बहुत सी हिट फिल्मों में काम किया। अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जोड़ी सबसे ज्यादा पसंद की जाती थी। इन फिल्मों में दीवार, खुद्दार, नमक हलाल, अमर अकबर एंथनी, कालिया और शान जैसी  ब्लॉकबस्टर फ़िल्में शामिल हैं। 

    1976 में टाइम मैगज़ीन के कवर पेज पर छपने वाली वे पहली बॉलीवुड एक्ट्रेस थीं। वे लम्बे समय तक आध्यात्मिक गुरु कृष्णमूर्ति के सम्पर्क में थीं और कैलिफ़ोर्निया में रहीं, भारत लौटने पर अपने अपार्टमेंट में अकेली रहती थीं। यह अफवाह थी कि वे पैरानॉयड सिज़ोफ्रेनिया नामक मानसिक बीमारी से पीड़ित रहीं। 

     जनवरी 2005 में, वह अपने घर में मृत पाई गई थी। उनका शव तीन दिन बाद मिला और उनकी मौत का कारण जानने के लिए किये गए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि अभिनेत्री के पेट में केवल शराब थी और भोजन के कोई निशान नहीं थे। पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि मल्टीपल ऑर्गन फैल्योर और मधुमेह के कारण मृत्यु हुई। इस लोकप्रिय बॉलीवुड सेलिब्रिटी ने आत्महत्या की अथवा नहीं ? यह रहस्य ही है।  
sridevi

6. श्रीदेवी (Shreedevi) -

नगीना, चांदनी, चालबाज़, जुदाई,  इंग्लिश विंग्लिश जैसी कई हिट फिल्मों को अपनी अदाकारी से सजाने वाली टॉप लिस्टेड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत ने सभी को हैरान कर दिया था। इनकी मौत का कारण होटल के बाथटब में दुर्घटना वश डूबना बताया गया था।

   कमल हासन के साथ आई उनकी पहली हिंदी फिल्म "सदमा" को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली थी। उसके बाद श्रीदेवी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और हिंदी फिल्मों की टॉप की हिरोइन बनीं। 

   फिल्म "लम्हे" और "चालबाज़" के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला था। इन्होंने हिंदी के अलावा तेलगु, मलयालम, कन्नड़ सहित अन्य भाषाओँ की बहुत सी फिल्मों में काम किया था। 

   इस प्रख्यात अभिनेत्री का निधन दुबई के एक होटल में  24 फरवरी 2018 को 54 वर्ष की आयु में हुआ। उनकी मृत्यु के समय उनके पति बोनी कपूर होटल के उस कमरे में मौजूद थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि वो श्रीदेवी को सरप्राइज देने अचानक ही दुबई पहुंचे थे। जिस वक़्त ये घटना घटी उस समय वो टीवी देख रहे थे और श्रीदेवी नहाने के लिए बाथरूम में गई थी। 

   जब 15 मिनट तक श्रीदेवी बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो उन्होंने आवाज़ लगाते हुए दरवाज़े को धक्का दिया, जो अंदर से बंद न होने के कारण खुल गया। उन्होंने देखा कि श्रीदेवी बाथटब के पानी में पूरी तरह से डूबी हुई हैं, पर आश्चर्य कि बाथटब के बाहर फर्श पर पानी बिलकुल नहीं था। जो कि किसी पानी में डूबते इंसान के छटपटाने के कारण वहां होना चाहिए था।  

    यह घटना दुबई में हुई, जहां वह अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए गई हुयी थीं। उनकी मौत के एक दिन बाद, दुबई पुलिस ने कहा कि श्रीदेवी होश खोने के बाद अपने होटल के बाथटब में "दुर्घटनावश डूबने" से मर गईं। लोगों के लिए यह आज भी रहस्य है कि यह घटना किस प्रकार हुई और इसकी वास्तविकता क्या थी। 

also read -

Bollywood film business-फिल्म से कमाई कैसे होती है?

Dubbing artist kaise bne-डबिंग आर्टिस्ट कैसे बनें?

10 secrets of body language-बॉडी लैंग्वेज सुधारें और सफलता पाएं 

sushant-singh-rajput-with-ankita-lokhande

7. सुशांत सिंह राजपूत (Sushant singh Rajput) -

रविवार 14 जून 2020 को मात्र 34 साल की उम्र में इस एक्टर का निधन हो गया। पुलिस ने फंदे से लटका सुशांत का शव बांद्रा स्थित उनके फ्लैट से बरामद किया। वे साल भर से डिप्रेशन में थे।

   अपनी फिल्म "छिछोरे" में वे ख़ुदकुशी की कोशिश करने वाले अपने बेटे को डिप्रेशन से उबारते हैं और उसे मोटीवेट करते हैं। परन्तु जब उनके फंदे से लटकने और मृत्यु की खबर लोगों ने सुनी तो बॉलीवुड के साथ पूरा देश सन्न रह गया। 

    उनका परिवार बिहार के पूर्णिया का रहने वाला है। सुशांत ने बॉलीवुड में अपनी शुरुवात श्यामक डावर के डांस ग्रुप में शामिल होकर की थी। बैकग्राउंड डांसर का काम करने के बाद इन्होने टीवी की राह पकड़ी, जहां इन्हें पहचान शो "पवित्र रिश्ता" से मिली। तीन साल तक यह शो करने के बाद 2013 में इन्होने फिल्म "काई पो छे" से फ़िल्मी करियर की शुरुवात की। अपने 7 साल के करियर में इन्होंने 12 फ़िल्में की जिनमें 6 हिट रही।

   इस उदीयमान सितारे के निधन से बॉलीवुड की अंदरूनी कांस्पीरेसी उजागर हो रही है और यहीं के लोग इसके बारे में बोलने लगे हैं। कुछ का कहना है कि यहां स्टार किड को प्रमुखता दी जाती है और कुछ लोग अपना ग्रुप बनाकर यह तय करते हैं कि किसे ऊपर जाना है और किसे बाहर करना है। सुशांत से भी कुछ फ़िल्में छिनने की खबरें हैं, क्या यही सुशांत के डिप्रेशन का कारण था? 

   9 जून को ही उनकी पूर्व मैनेजर दिशा ने भी एक बिल्डिंग से कूदकर ख़ुदकुशी कर ली थी। तब सुशांत ने इंस्टाग्राम पर लिखा था -"यह बहुत हताश करने वाली खबर है।" दिशा की मौत पर उनकी एक फ्रेंड ने बताया था कि दिशा किसी बड़े सितारे के साथ रिलेशन में थी। 

   सुशांत की मौत से कुछ घंटे पहले उनकी एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने सोशल मीडिया पर लिखा था - "भगवान लोगों को ज़िन्दगी से हटाता है। क्योंकि उसने वो बातें सुनी हैं जो आपने नहीं सुनी।" अंकिता की किसी बिजनेसमैन से सगाई की खबरें भी रहीं। 

     क्या टूटे रिश्तों के कारण सुशांत ने मौत को गले लगाया? अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है -"सुशांत ने ख़ुदकुशी नहीं की है, बल्कि ये प्लांड मर्डर है।" सुशांत मार्शल आर्ट एक्सपर्ट थे, ऐसे लोग शारीरिक के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत होते हैं। सुसाइड नोट नहीं मिलने से रहस्य और गहरा जाता है, शायद आगे की पुलिस जांच से इसका रहस्योद्घाटन हो सके। 

  आशा है ये आर्टिकल "Mysterious Death in Bollywood-बॉलीवुड  स्टार्स की रहस्यमय मौत" आपको पसंद आया होगा। इसे अपने मित्रों को शेयर कर सकते हैं। अपने सवाल एवं सुझाव कमेंट बॉक्स में लिखें। बॉलीवुड की और भी जानकारी पढ़ने के लिए इस वेबसाइट पर विज़िट करते रहें। 

also read -

Film kaise bnti hai-फिल्म कैसे बनती है?

Audion of acting-ऑडिशन कहाँ होता है और कैसे दें 

6 realistic ways to get rich-अमीर बनने के 6 प्रैक्टिकल तरीके


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad