Best Tourist Places in India-भारत के बेस्ट टूरिस्ट स्पॉट - sure success hindi

success comes from knowledge

Breaking

Post Top Ad

Saturday 23 July 2022

Best Tourist Places in India-भारत के बेस्ट टूरिस्ट स्पॉट

Best Tourist Places in India-भारत के बेस्ट 10 टूरिस्ट स्पॉट 

विश्व में घूमने के लिए बहुत से खूबसूरत देश है, जो अपनी अलग अलग विशेषताओं के कारण पर्यटकों को अपनी और आकर्षित करते हैं। इनमें से कहीं पर खूबसूरत पहाड़ हैं तो कहीं के जंगल और वन्य जीव पर्यटकों को लुभाते हैं। इसी प्रकार कुछ देश अपने प्राचीन स्मारकों और महलों व किलों के कारण पर्यटकों में लोकप्रिय हैं। परन्तु भारत एक बड़ा देश है और यहां इतनी भौगोलिक विविधता है कि यहां आने पर हर तरह की रूचि के पर्यटकों को उनके पसंदीदा स्थान देखने को मिल जाते हैं।

 

beautiful-place

   यहां प्राचीन किलों और ऐतिहासिक महलों के साथ विशाल बर्फीले पहाड़ से लेकर रेगिस्तान तक देखे जा सकते हैं। भारत के प्राचीन वास्तुकला के सुन्दर नमूने व विभिन्न वन्य प्राणियों से युक्त जंगल और चारों ओर के नयनाभिराम प्राकृतिक दृश्य दुनिया भर के लोगों का ध्यान भारत की तरफ खींचते हैं। इन्हीं कारणों से हर साल यहां दुनिया भर के लाखों लोग घूमने आते हैं। भारत में घूमने की बहुत सी खूबसूरत जगहें है और पर्यटन के हिसाब से यह दुनिया के सबसे प्रमुख देशों में शामिल है

 

भारत के 10 प्रसिद्ध पर्यटन स्थल  (Famous Tourist Places in India)


1. कश्मीर (Kashmir)


यदि आप प्राकृतिक सुंदरता के प्रेमी हैं तो हिमालय की गोद में बसा कश्मीर आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन है। कश्मीर को धरती का स्वर्ग ऐसे ही नहीं कहा जाता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता हर किसी का मन मोह लेती है। 


kashmir

   ठंड के मौसम में बर्फ की सफेदी से लिपटे पहाड़ और बर्फीले रास्ते पर्यटकों को आकर्षित करते हैं वहीं अन्य दिनों में हरियाली से भरा वातावरण और देवदार के पेड़ बहुत मनमोहक दृश्य उपस्थित करते हैं। श्रीनगर की डल झील के हाउसबोट में रहना और शिकारे पर सैर करने का एक अलग ही आनंद है, यहां के गार्डन अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध हैं


   प्रसिद्ध वैष्णो देवी का मंदिर यहीं स्थित है, इससे कुछ दूरी पर पटनीटॉप हिल स्टेशन आप देख सकते हैं। आगे बढ़ने पर श्रीनगर, गुलमर्ग व सोनमर्ग देखने लायक स्थान हैं। यहां से लद्दाख भी जा सकते हैं। प्रकृति के बीच कुछ समय सुकून के पल बिताने के लिए कश्मीर घूमने जरूर जाना चाहिए।


2. गोवा (Goa)


अगर आपको भारत के सबसे साफ़ सुथरे और विवधतापूर्ण समुद्री तटों पर मौज मस्ती और नाइट लाइफ का एन्जॉय करने का मूड है, तो गोवा सबसे बेस्ट विकल्प है। यह स्थान अपने खूबसूरत और आकर्षक समुद्र तटो के साथ वॉटरफॉल, वाइल्डलाइफ और पुर्तगाली वास्तुकला के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। 


Goa

  वैसे तो सालभर पर्यटक यहां आते हैं परन्तु क्रिसमस और न्यूईयर के दौरान यहां भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और पार्टियों व डांस का आनंद लेते हैं। इसमें बड़ी संख्या विदेशी पर्यटकों की होती है।  गोवा में कोलवा बीच, कलंगुट बीच, बागा बीच, पालोलेम बीच जैसे बहुत से खूबसूरत बीच हैं इसके अलावा दूध सागर वाटरफॉल और वाइल्ड लाइफ सैंक्चुरी गोवा के प्रमुख पर्यटन स्थल है। नाईट पार्टी करने, कसीनो में रूचि रखने और हनीमून मनाने के लिए भी यह बेस्ट डेस्टिनेशन है।


3. दिल्ली (Delhi)


दिल्ली भारत के शीर्ष पर्यटन स्थलों में आता है।भारत की राजधानी और एक महानगर होने के साथ दिल्ली का अपना ऐतिहासिक महत्व भी है। यहां पर घूमने के लिए बहुत कुछ है। दिल्ली में आधुनिक वास्तुकला के साथ पुरातन स्थापत्य कला का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। खाने के शौक़ीन लोगों के लिए यहां पर फाइव स्टार होटल से लेकर स्ट्रीट फ़ूड और पराठा गली में खाने का स्वाद निराला है।


Lotus-temple

  यह शहर आप को भारत के इतिहास और संस्कृति से परिचित करवाएगा। लाल किला, इंडिया गेट, कुतुब मीनार, कालकाजी मंदिर, लोधी गार्डन, हरे कृष्ण मंदिर, अक्षरधाम मंदिर, चांदनी चौक, जंतर मंतर और लोटस टेंपल दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थल है।  दिल्ली आने वाला हर पर्यटक इन स्थानों पर जाना चाहता है। 


   दिल्ली पहुंचना भी बेहद आसान है, यह भारत के हर छोटे-बड़े शहरों से रेल मार्गों द्वारा जुड़ा हुआ है। साथ ही यहां पर घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है जोकि देश विदेश के सभी प्रमुख शहरों से एयर ट्रेवल के लिए बेस्ट कनेक्शन देता है। बसों द्वारा भी यह भारत के प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है।


4.  ऊटी (Ooty)


अगर आप दक्षिण भारत की यात्रा करना चाहते हैं और वहां किसी हिल स्टेशन की तलाश में हैं तो ऊटी सबसे लोकप्रिय विकल्प होगा।  ऊटी भारत के सबसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों में से एक है, यह नीलगिरी की पहाड़ियों में स्थित एक खूबसूरत स्थान है। 


ootty

    चाय के बागान और रोज गार्डन के लिए ऊटी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। प्रकृति प्रेमियों के लिए हरियाली से भरपूर यह जगह छुट्टियाँ बिताने का सबसे अच्छा विकल्प है।  ऊटी और इसके आसपास बोटेनिकल गार्डन, डोडाबेट्टा उद्यान, ऊटी झील, कलहट्टी प्रपात जैसे कई स्थान देखने योग्य हैं। 


  ऊटी तक मेट्टापलायम से टॉय ट्रेन द्वारा खूबसूरत पहाड़ियों के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते हुए पहुंचा जा सकता है। ऊटी का निकटतम हवाई अड्डा कोयंबटूर है। ऊटी की भौगोलिक स्थिति के कारण यहाँ का मौसम पूरे वर्ष खुशनुमा रहता है। हालाँकि ठंड में दक्षिण भारत के अन्य भागों की तुलना में यहाँ का मौसम अधिक ठंडा होता है।  


   ऊटी के साथ मैसूर की यात्रा की जा सकती है। यहां जाकर आप मैसूर पैलेस और मैसूर का प्रसिद्ध गार्डन देख सकते हैं। मैसूर पैलेस अपनी शानदार स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है, इसे देखने प्रतिवर्ष लगभग 6 लाख पर्यटक यहां पहुंचते हैं। 


5. खजुराहो (Khajuraho)


मध्य प्रदेश में स्थित खजुराहो, अपने मंदिरों की शिल्पकला के लिए विश्वप्रसिद्ध है। खुजराहो को चंदेल राजाओं द्वारा बसाया गया था। यहां पर नौंवी दसवीं तथा ग्यारहवीं शताब्दी में बने हुए मंदिर एक आध्यात्मिक रहस्यता लिए हुए हैं, जो किसी का भी ध्यान आकर्षित कर सकते है।


khajuraho

   यहां पर हिंदुओं तथा जैन मंदिरों की अधिकता है। उन मंदिरों के दीवारों पर बनी चित्र लिपि एक अनोखा एहसास करवाती है, जो काम से गुजररकर राम को पाने की ओर इशारा करती है। इसके आसपास ऐसे और भी स्थान हैं, जो पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। यहां पर वॉटरफॉल का भी आनंद लिया जा सकता है।


   खुजराहो रेल मार्गों द्वारा भारत के विभिन्न शहरों जैसे आगरा, ग्वालियर, मथुरा, जयपुर, दिल्ली इलाहाबाद झांसी आदि शहरों से सीधा जुड़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त यह सड़क मार्गों द्वारा ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, झांसी आदि शहरों से जुड़ा है। एयर ट्रेवल के लिए ग्वालियर यहां का नजदीकी एयरपोर्ट है।


 6. शिमला (Shimla)


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, भारत के पसंदीदा हिल स्टेशन में शामिल है।  शिमला अपनी प्राकृतिक सुंदरता की वजह से भारी संख्या में पर्यटकों को अपनी और आकर्षित करता है। कालका से शिमला के बीच चलने वाली टॉय ट्रेन से भी यहां की खूबसूरत वादियों का नज़ारा लिया जा सकता है। 


shimla

   यहां जाकर आप कुफरी, जाखू मंदिर, ग्रीन वेली और तारा देवी मंदिर देख सकते हैं। गर्मी के सीजन में यहां अत्यधिक भीड़ होती है इसलिए होटल आदि की अग्रिम बुकिंग करवाकर जाएँ। ठंड में यहां भारी बर्फ गिरती है, इस समय यहां बर्फ देखने और इससे जुड़े खेलों का आनंद लेने के लिए लोग पहुंचते हैं।


6.  माउंट आबू (Mount Abu)


माउंट आबू, राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन है। यह अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हरे भरे रास्तों के कारण हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी और आकर्षित करता है। वैसे तो गर्मियों के मौसम में पर्यटक यहां पर अधिक पहुंचते हैं, परन्तु मानसून के मौसम में भी यहां का मौसम बेहद सुहावना लगता है। 


mount-abu

   बारिश के मौसम में रास्तों पर चलते हुए बादल आपको छू कर निकल जाते हैं और एक सुखद अहसास देते हैं। यहां देखने योग्य स्थानों में गुरु शिखर, नक्की झील, अर्बुदा देवी मंदिर, अचलगढ, हनीमून पॉइंट और माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य शामिल हैं।


    अगर आपको प्राचीन भारतीय शिल्पकला का बेहतरीन नमूना देखना है तो दिलवाड़ा मंदिर देखने जाइये। यह आपको आश्चर्य से भर देगा, उसकी पत्थरों पर की गई उत्कृष्ट कलाकारी और बारीक काम देखते ही बनता है। यह मंदिर यहां के सबसे प्रसिद्ध स्थानों में शामिल है। माउंट आबू की यात्रा के साथ आप उदयपुर घूमने का प्लान भी बना सकते हैं, यहां के महल व किले दर्शनीय हैं।


7. पूर्वोत्तर राज्य (North East India)


भारत का पूर्वोत्तर भाग जो 7 राज्यों से मिलकर बना है और जिन्हें सेवन सिस्टर्स भी कहा जाता है अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण विश्व भर के पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं। यहां आपको ऐसे अनोखे गांव देखने को मिलेंगे जो अन्यत्र दुर्लभ हैं। यहां आप झील और नदी के बीच टापुओं पर बने गांव और घर देख सकते हैं। 


elephant-fall-shilong

  पूर्वोत्तर में असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में अन्य वन्य जीवों के साथ दुर्लभ गैंडे देखे जा सकते हैं। अगर मेघालय जाते हैं तो वहां की प्राकृतिक छटा अद्भुत है। मानसून के मौसम में पर्यटक यहां पर सबसे ज्यादा जाना पसंद करते हैं, क्योंकि विश्व में सर्वाधिक वर्षा वाला क्षेत्र यहीं स्थित है।


waard-jheel-shilong

   मेघालय की राजधानी शिलाँग में आप लेडी हैदरी पार्क, एलिफेंट फॉल्स, डॉन बास्को संग्रहालय,  और वार्ड झील देख सकते हैं। वार्ड झील और एलिफेंट फॉल्स, शिलाँ में घूमने की प्रसिद्ध जगह है, प्रकृति प्रेमियों के बीच यह स्थान बेहद लोकप्रिय है।


  मणिपुर की संस्कृति और यहां के नृत्य गीत देखने योग्य हैं। इस प्रकार भारत का पूर्वोत्तर भाग बहुत ही खूबसूरत एवम् पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। 


8. फूलों की घाटी  (Valley of Flowers)


उत्तराखंड राज्य के चमोली में स्थित फूलों की घाटी नेशनल पार्क एक राष्ट्रीय उद्यान है, जो हिमालय की गोद में स्थित है। यह अपने अल्पाइन फूलों और वनस्पतियों की विविधता के लिए जाना जाता है साथ ही यह क्षेत्र दुर्लभ और लुप्तप्राय जानवरों का घर भी है, जिसमें एशियाई काले भालू, हिम तेंदुआ, कस्तूरी मृग, भूरे भालू, लाल लोमड़ी और नीली भेड़ शामिल हैं।


valley-of-flowers


  फूलों की घाटी एक ऐसी जगह है जहां हर कोई जरूर जाना चाहेगा। यह खूबसूरत जगह सब का मन मोह लेती है। इस जगह को धरती का स्वर्ग भी माना जाता है। यहां आपको 500 से भी अधिक फूलो की प्रजाति देखने को मिलेगी।


9.  केरल  (kerala)


भारत के दक्षिण-पश्चिमी भाग में स्थित केरल पश्चिम में अरब सागर, उत्तर में कर्नाटक और पूर्व में तमिलनाडु से घिरा है। केरल अपने मंत्रमुग्ध कर देने वाले प्राकृतिक दृश्यों के साथ-साथ अद्भुत झीलों और समुद्री तटों के लिए जाना जाता है।


kerala

    केरल में आपको चारो और हरियाली देखने को मिलती है इसी कारण इसकी खूबसूरती निहारने हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां खिंचे चले आते हैं।  केरल को  “God’s Own Country” भी कहा जाता है। केरल के बोट हाउस भी पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं, सभी सुविधाओं से युक्त इन बोट में रहने का अनुभव वाकई शानदार होता है।


  केरल में आप यहां की प्रसिद्ध पंचकर्म चिकित्सा के जरिये स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं, इसके लिए यहां विदेशी पर्यटक भी भारी संख्या में आते हैं। केरल भारत के उन 10 स्थानों में से एक है, जिसे जीवन में एक बार अवश्य देखना चाहिए।


10. ऋषिकेश (Rishikesh)


ऋषिकेश उत्तराखंड राज्य के देहरादून जिले में मौजूद एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। हिमालय की तलहटी में स्थित ऋषिकेश को "योग कैपिटल ऑफ़ द वर्ल्ड" के रूप में जाना जाता है। पवित्र मंदिरों, घाटों, शांत आश्रमों और सदाबहार जंगलों से घिरे इस शहर में हर किसी के लिए कुछ न कुछ जरूर है।


Also Read -


Thailand Trip in Hindi-बैंकाक पट्टाया की सैर 


10 Worlds Most Beautiful Places-दुनियां के 10 सबसे खूबसूरत स्थान 


Get Rich Through Real Estate-प्रॉपर्टी में निवेश से अमीर बनें 


rishikesh

 
    पवित्र गंगा नदी के तट पर स्थित त्रिवेणी घाट, ऋषिकेश का सबसे बड़ा घाट है। त्रिवेणी घाट पर हर शाम "महा आरती" होती है।


    त्रिवेणी घाट का हिंदू पौराणिक कथाओं के अलावा रामायण और महाभारत में भी उल्लेख है। इस पवित्र घाट के किनारे बैठने से आपको शांति महसूस होती है यहां पर आप पानी में मछलियों को तैरते हुए देख सकते हैं और उन्हें खाना भी डाल सकते हैं।


   ऋषिकेश में आप माउंटेन बाइकिंग और ट्रेकिंग जैसी रोमांचक एक्टिविटी में भी भाग ले सकते हैं।अगर आप ऋषिकेश में घूमने का मन बना रहे हैं, तो इसके साथ हरिद्वार, देहरादून और मसूरी जैसी खूबसूरत जगहों पर भी जा सकते हैं।


   आशा है ये आर्टिकल "Best Tourist Places in India-भारत के बेस्ट 10 टूरिस्ट स्पॉट" आपको पसंद आया होगा, इसे अपने मित्रों को शेयर कर सकते हैं। अपने सवाल एवं सुझाव कमेंट बॉक्स में लिखें। ऐसी ही और भी उपयोगी जानकारी के लिए इस वेबसाइट पर विज़िट करते रहें।


Also Read-


10 Most Dangerous Places For Travel-विश्व के खतरनाक 10 स्थान 


Trading Myths Of Share Market-इंट्राडे ट्रेडिंग झूठ  


Goods Transport Business-ट्रांसपोर्ट बिज़नेस कैसे करें 

 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad